Madhepura। आम लोगों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं, शिकायतों और मांगों से संबंधित कुल 59 आवेदन प्रस्तुत किए।

जनसुनवाई के दौरान डीएम ने एक-एक कर आवेदकों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर त्वरित एवं आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम अभिषेक रंजन ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जनसुनवाई आम नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए लोगों की समस्याओं को सीधे संज्ञान में लेकर उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाती है।
सम्बंधित ख़बरें





उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और निष्पादन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही मामलों का समाधान पारदर्शी, निष्पक्ष और न्यायसंगत तरीके से करने पर जोर दिया।
जिला प्रशासन की ओर से कहा गया कि आमजनों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के साथ-साथ पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसहभागिता को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य किया जा रहा है।






