Madhepura:प्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ एवं मधेपुरा की चिकित्सा सेवा के सुदृढ़ स्तंभ डॉ. अरुण कुमार मंडल के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद, मर्माहत करने वाला और अपूरणीय क्षति है। उनके असामयिक अवसान से न केवल एक परिवार, बल्कि संपूर्ण मधेपुरा, कोसी क्षेत्र और बिहार का चिकित्सा जगत गहरे शोक में डूब गया है। राष्ट्रीय संयोजक, पसमांदा मुस्लिम समाज, सह-निदेशक पीएमडीआईएफ एवं जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता डॉ. प्रिंस फिरोज़ अहमद उर्फ़ फिरोज़ मंसूरी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. अरुण कुमार मंडल ने बिहार के सबसे पिछड़े अंचल में रहकर चिकित्सा को कभी व्यवसाय नहीं, बल्कि मानवता की सर्वोच्च सेवा के रूप में जिया। गरीब, मजदूर और वंचित वर्गों के बच्चों के जीवन की रक्षा को उन्होंने अपने जीवन का संकल्प बना लिया था।
डॉ. मंसूरी ने कहा कि डॉ. मंडल की महानता इस तथ्य में निहित थी कि वे अंतिम सांस तक मरीजों—विशेषकर बच्चों—की सेवा में समर्पित रहे। उनका स्नेहिल व्यवहार, चिकित्सकीय निष्ठा और गहरी मानवीय संवेदना असंख्य परिवारों के लिए आशा, भरोसे और संबल का आधार बनी। उन्होंने सेवा, समर्पण और करुणा की ऐसी उज्ज्वल परंपरा छोड़ी है, जो आने वाली पीढ़ियों के चिकित्सकों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
डॉ. मंसूरी ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि IGIMS के उप-निदेशक एवं प्रख्यात चिकित्सक डॉ. मनीष मंडल जी के पूज्य पिताजी, सुप्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ स्व. डॉ. अरुण कुमार मंडल को प्रभु अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
स्व. डॉ. अरुण कुमार मंडल जी को विनम्र श्रद्धांजलि।
सम्बंधित ख़बरें





आपका जीवन, आपकी सेवा और आपकी मानवीय विरासत सदैव स्मरणीय रहेगी।
—डॉ. प्रिंस फिरोज़ अहमद उर्फ़ फिरोज़ मंसूरी,वरिष्ठ नेता, जनता दल (यूनाइटेड), बिहार






