Madhepura। जिलाधिकारी के निर्देश पर मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की ओर से जिले में शराब और सूखा नशा के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर सघन छापेमारी के साथ प्रमुख सड़क मार्गों पर वाहनों की जांच तथा दवा दुकानों की तलाशी ली गई। वहीं ब्रेथ एनालाइजर मशीन से भी शराब सेवन की जांच की गई।

विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान स्टेडियम के समीप, कॉलेज चौक, सदर अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, बुडको मैदान, यूनिवर्सिटी चौक, सदर अस्पताल परिसर सहित अन्य स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में गम्हरिया थाना क्षेत्र के दुलार पिपराही दमहा गांव में संजय यादव के घर पर छापेमारी की गई। यहां से करीब 231.650 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। मामले में अंकेश कुमार उर्फ दिलखुश को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य फरार आरोपितों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
सम्बंधित ख़बरें
इसके अलावा ब्रेथ एनालाइजर से जांच के दौरान शराब सेवन के आरोप में छह अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार अभियान में कुल सात अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई।
मद्यनिषेध विभाग ने बताया कि जिले में शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने आम लोगों से अवैध शराब एवं नशे से जुड़ी गतिविधियों की सूचना संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की है। जिला प्रशासन ने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।