Madhepura:खेल विभाग बिहार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना एवं जिला प्रशासन मधेपुरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के तीसरे दिन विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। भर्राही ओवरब्रिज के समीप अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक-बालिका साइकिल रेस, बीएन मंडल स्टेडियम में अंडर-14 एथलेटिक्स तथा बीपी मंडल इंडोर स्टेडियम में अंडर-17 बालक-बालिका कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित हुई।

कार्यक्रम का शुभारंभ कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सह उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा आम्रपाली कुमारी ने मशाल प्रज्वलित कर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों को उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा आम्रपाली कुमारी एवं जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी अनंत कुमार ने कप एवं मेडल देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षक अरुण कुमार ने किया।
– कबड्डी में टीपी उच्च विद्यालय और शिवनंदन विद्यालय विजेता
परिणाम की जानकारी देते हुए अरुण कुमार ने बताया कि अंडर-17 बालिका कबड्डी में टीपी उच्च विद्यालय मधेपुरा ने 30 अंक हासिल कर विजेता का खिताब जीता, जबकि उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय जीतापुर 19 अंक के साथ उपविजेता रहा। अंडर-17 बालक वर्ग में शिवनंदन प्रसाद इंटरस्तरीय विद्यालय मधेपुरा ने 29 अंक प्राप्त कर विजेता का स्थान हासिल किया, जबकि श्रीराम जानकी संत कबीर उच्च माध्यमिक विद्यालय, तुलसी बिहारीगंज 28 अंक के साथ उपविजेता रहा।
– साइकिलिंग में इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी
अंडर-17 बालक साइकिलिंग में पारसमणि उच्च विद्यालय बभनी के राहुल कुमार प्रथम, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय के रवि कुमार द्वितीय तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय नरहख के पंकज कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
अंडर-17 बालिका वर्ग में रामहंस +2 उच्च विद्यालय की साक्षी प्रिया प्रथम, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय रामपट्टी की पूजा कुमारी द्वितीय तथा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय भगवानपुर की पल्लवी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।
अंडर-14 बालिका वर्ग में उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय भगवानपुर पश्चिम, साहुगढ़ की मीनाक्षी कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सम्बंधित ख़बरें
– खो-खो और फुटबॉल में भी खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन
अंडर-14 खो-खो बालक वर्ग में गोपाल मध्य विद्यालय विजेता तथा ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्कूल, सिंहेश्वर उपविजेता रहा। बालिका वर्ग में गोपाल मध्य विद्यालय, नेहालपट्टी विजेता तथा माया विद्या निकेतन, मधेपुरा उपविजेता रहा।
फुटबॉल बालक वर्ग में शिवनंदन प्रसाद इंटरस्तरीय विद्यालय मधेपुरा ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि बीएल हाई स्कूल मुरलीगंज उपविजेता रहा।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में आरआरआर ग्रीन फील्ड स्कूल मधेपुरा के निदेशक राजेश कुमार राजू, शारीरिक शिक्षा शिक्षक विमल कुमार भारती, कबड्डी संघ के सचिव रौशन कुमार, खो-खो संघ के सचिव बालकृष्ण कुमार, शतरंज संघ के सचिव अनुज कुमार, क्रिकेट संघ के पूर्व सचिव अमित कुमार आनंद, खेल शिक्षक मनोज कुमार, दिलीप कुमार, रितेश रंजन, प्रवीण कुमार, राहुल कुमार, गौरी शंकर कुमार, गुलशन कुमार सहित अन्य ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। निर्णायक की भूमिका में कैलाश कुमार, कौशल, दुर्गानंद प्रसाद, प्रेम कुमार, राहुल कुमार, आनंद कुमार, संतोष कुमार, राजीव कुमार, स्वाति कुमारी, विकास कुमार, पल्टू, निशु कुमार सिंह, अरमान अंसारी, राकेश कुमार, रश्मि राज, अभिमन्यु कुमार, प्रियरंजन कुमार, रत्नेश कुमार आदि मौजूद रहे।
– 29 सितंबर को इन प्रतियोगिताओं का आयोजन
आयोजकों के अनुसार, 29 सितंबर मंगलवार को बीपी मंडल इंडोर स्टेडियम में अंडर-19 बालक-बालिका कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित होगी। बीएन मंडल स्टेडियम में अंडर-17 एथलेटिक्स तथा अंडर-17 खो-खो बालक-बालिका प्रतियोगिता होगी। वहीं आरआर ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्कूल मधेपुरा में अंडर-17 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा।