Madhepura:जिले में इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 के शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिलाधिकारी अभिषेक रंजन एवं पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह ने संयुक्त आदेश जारी कर सभी स्टैटिक दंडाधिकारी, गश्ती दंडाधिकारी सहित प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा के सैद्धांतिक विषयों की परीक्षा 02 फरवरी 2026 से 13 फरवरी 2026 तक आयोजित होगी। परीक्षा दो पालियों में होगी—
प्रथम पाली: सुबह 9:30 बजे से 12:45 बजे तक
द्वितीय पाली: दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक
प्रथम पाली के परीक्षार्थियों को सुबह 9:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली के परीक्षार्थियों को 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। निर्धारित समय के बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जिले में कुल 46 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 24,949 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा को कदाचारमुक्त रखने के लिए स्टैटिक दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी, सुपर जोनल दंडाधिकारी, गश्ती दल एवं उड़नदस्ता दल की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो परीक्षा की प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखेंगे। परीक्षा केंद्रों के आसपास की फोटोस्टेट, चाय-पान, किताब आदि की दुकानें परीक्षा अवधि में बंद रहेंगी।
सम्बंधित ख़बरें





परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार से लेकर अंदर तक कड़ी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। किसी परीक्षार्थी के पास मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पाए जाने पर संबंधित वीक्षक की भी जवाबदेही तय की जाएगी। सभी अधिकारियों को समय से अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर जिला नियंत्रण कक्ष को सूचित करने तथा निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन करने को कहा गया है। सभी वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति कंप्यूटरीकृत रेंडमाइजेशन पद्धति से की गई है और कर्तव्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संयुक्त आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा तथा परीक्षा भवन के आगे-पीछे वीडियो रिकॉर्डिंग और सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक या अफवाह फैलाने वालों पर जिला साइबर सेल 24 घंटे नजर रखेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा के दिन सभी केंद्रों के 500 गज की परिधि में निषेधाज्ञा लागू रहेगी तथा मोबाइल सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से समय का पालन करते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा देने की अपील की है।






