– समाज और साहित्य एक-दूसरे के पूरक, साहित्य को समाज का प्रहरी होना चाहिए: अनीश अंकुर
Madhepura:प्रगतिशील लेखक संघ, मधेपुरा का जिला सम्मेलन बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित सार्क इंटरनेशनल स्कूल परिसर में आयोजित किया गया। चर्चित विचारक एवं पूर्व कुलसचिव प्रो. सचिंद्र महतो की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में समाज और साहित्य के आपसी संबंधों, साहित्य की सामाजिक भूमिका तथा वर्तमान दौर में प्रगतिशील साहित्य की प्रासंगिकता पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि साहित्य केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने वाली मशाल है।
स्वागत भाषण देते प्रो विनय कुमार चौधरी

कार्यक्रम को संबोधित करते मुख्य वक्ता
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता प्रांतीय महासचिव अनीश अंकुर
कार्यक्रम को संबोधित करते मुख्य वक्ता अनीश अंकुर जी
अवार्ड प्रदान करते अतिथि
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत दीप प्रज्वलन एवं प्रगतिशील लेखक संघ से जुड़े दिवंगत साहित्यकारों को पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद स्वागताध्यक्ष एवं ख्यातिप्राप्त वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. विनय कुमार चौधरी ने अतिथियों को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न, पुस्तक और सम्मेलन विशेष किट देकर सम्मानित किया।
स्वागत भाषण के दौरान प्रो. विनय कुमार चौधरी ने प्रगतिशील लेखक संघ के इतिहास और उसकी भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह देश के सबसे पुराने साहित्यिक संगठनों में से एक है। वर्ष 1936 में प्रेमचंद की अध्यक्षता में स्थापित इस संगठन ने साहित्य के माध्यम से सामाजिक चेतना, समानता और प्रगतिशील विचारों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
आज भी प्रासंगिक है प्रगतिशील लेखक संघ
सम्बंधित ख़बरें
सम्मेलन के उद्घाटन एवं अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. सचिंद्र महतो ने कहा कि प्रगतिशील लेखक संघ को स्वतंत्रता आंदोलन के दौर में वैचारिक स्तर पर आंदोलन को मजबूती प्रदान करने का गौरव प्राप्त है। आजादी के लगभग आठ दशक बाद भी संगठन अपनी प्रासंगिकता और उपयोगिता साबित कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि मधेपुरा का यह जिला सम्मेलन क्षेत्र की साहित्यिक गतिविधियों को नई ऊर्जा देने के साथ साहित्यिक पृष्ठभूमि को और समृद्ध करेगा।
साहित्य समाज की दशा और दिशा तय करता है: अनीश अंकुर
‘समाज और साहित्य’ विषय पर आयोजित परिचर्चा को संबोधित करते हुए प्रगतिशील लेखक संघ, बिहार के महासचिव एवं मुख्य वक्ता अनीश अंकुर ने कहा कि साहित्य समाज के सृजन की धुरी है। समाज की दशा और दिशा तय करने में साहित्य की अहम भूमिका होती है। जिस दौर का साहित्य जितना समृद्ध होगा, उस दौर का समाज भी उतना ही परिपक्व और जागरूक होगा।
उन्होंने कहा कि साहित्य समाज को मशाल दिखाने का काम करता है। यह महत्वपूर्ण विचारों, अनुभवों और सामाजिक मूल्यों को सहेजकर भविष्य की पीढ़ियों को दिशा देता है। साहित्यकारों को समाज के प्रहरी के रूप में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। प्रेमचंद और नागार्जुन जैसे साहित्यकारों के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए उन्होंने कहा कि साहित्य और समाज को एक-दूसरे से अलग करके नहीं देखा जा सकता। दोनों का संबंध परस्पर गहरा और अनिवार्य है।
साहित्य राजनीति के आगे चलने वाली मशाल: जयप्रकाश यादव
मुख्य अतिथि एवं प्रगतिशील लेखक संघ के प्रांतीय सचिव जयप्रकाश यादव ने कहा कि साहित्य राजनीति के आगे चलने वाली मशाल है। साहित्य समाज का दर्पण होने के साथ उसकी विसंगतियों, समस्याओं और संभावनाओं को सामने लाने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने साहित्यकारों से सामाजिक सरोकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि समाजसेवी चंद्रशेखर ने वर्तमान दौर में समाज और साहित्य की प्रासंगिकता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक बदलाव और जनचेतना के निर्माण में साहित्य की भूमिका आज भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
परिचर्चा में वरिष्ठ साहित्यकार श्यामल पथिक, कवि जी, पीजी हिंदी विभागाध्यक्ष एवं चर्चित साहित्यकार प्रो. सिद्धेश्वर कश्यप, प्रो. शंभू शरण भारतीय, गणेश मानव और मणिभूषण वर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि समाज और साहित्य एक-दूसरे के पूरक हैं। साहित्य सामाजिक चेतना को विकसित करता है, इसलिए साहित्यिक गतिविधियों को निरंतर सक्रिय बनाए रखना आवश्यक है।
कार्यक्रम में विषय प्रवेश चर्चित वक्ता रमन कुमार ने कराया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम संयोजक सह मंच संचालक डॉ. हर्ष वर्धन सिंह राठौर ने किया।
जनगीतों से गूंजा सम्मेलन परिसर
सम्मेलन की शुरुआत ‘हो गई है पर्वत पीर पिघलनी चाहिए, हिमालय से कोई गंगा निकलनी चाहिए’ गीत के साथ हुई। वहीं, समापन ‘तू जिंदा है तो जिंदगी की जीत पर यकीन कर’ जनगीत के साथ किया गया। जनगीतों ने कार्यक्रम के वैचारिक और प्रगतिशील वातावरण को और प्रभावी बनाया।
इस अवसर पर वाम विचारक प्रमोद प्रभाकर, प्रो. आलोक कुमार, शैलेन्द्र कुमार, विनीता भारती, इंजीनियर मुरारी, सोनम आजाद, शंकर कुमार, आद्यानंद यादव, मदन कुमार और सजन कुमार सहित अनेक साहित्यप्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रो. प्रसन्ना कुमारी, जैद, आर्यन और शाकिब की विशेष भूमिका रही। सम्मेलन ने साहित्य को सामाजिक बदलाव, जनचेतना और बेहतर भविष्य के निर्माण का प्रभावी माध्यम बनाने का संदेश दिया।