---Advertisement---

Madhepura: राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों ने किया बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर का दर्शन

Madhepura: राज्य स्तरीय विद्यालय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में भाग लेने मधेपुरा पहुंचे विभिन्न प्रमंडलों के खिलाड़ियों को शुक्रवार की देर शाम धार्मिक एवं ऐतिहासिक पर्यटन कराया गया। इस दौरान उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा अम्रपाली कुमारी के नेतृत्व में खिलाड़ियों को कोसी क्षेत्र की प्रसिद्ध धार्मिक नगरी बाबा सिंहेश्वर स्थान ले जाया गया।

भ्रमण के दौरान खिलाड़ियों ने बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही मंदिर की धार्मिक महत्ता, ऐतिहासिक विरासत एवं स्थानीय परंपराओं से परिचित हुए। विभिन्न प्रमंडलों से आए खिलाड़ियों ने बाबा नगरी के आध्यात्मिक वातावरण को करीब से अनुभव किया। यह भ्रमण खिलाड़ियों के लिए खेल प्रतियोगिता के साथ-साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक अनुभव हासिल करने का यादगार अवसर साबित हुआ।

इस अवसर पर उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा अम्रपाली कुमारी ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा का मंच प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उन्हें विभिन्न क्षेत्रों की संस्कृति, परंपरा एवं पर्यटन स्थलों से परिचित कराना भी है। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों के बीच आपसी मेलजोल और भाईचारा बढ़ता है तथा उन्हें स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को जानने-समझने का अवसर मिलता है।

गौरतलब है कि खेल विभाग, बिहार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान तथा जिला प्रशासन, मधेपुरा के सहयोग से 28 से 30 अक्टूबर तक बीपी मंडल नगर भवन (टाउन हॉल), मधेपुरा में राज्य स्तरीय विद्यालय टेबल टेनिस प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न प्रमंडलों के अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

मौके पर स्वास्थ्य अनुदेशक अरुण कुमार, चंदन कुमार, नरेश कुमार, गुलशन कुमार, रत्नेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

---Advertisement---

LATEST Post

Exit mobile version