– अर्धवार्षिक परीक्षा का प्रगति पत्रक होगा वितरित, पेंटिंग व भाषण प्रतियोगिता का भी होगा आयोजन
Madhepura:उदाकिशुनगंज। प्रखंड क्षेत्र के सभी 143 विद्यालयों में 26 सितंबर को आयोजित होने वाली शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी की तैयारी पूरी कर ली गई है। संगोष्ठी के दौरान विद्यार्थियों के अर्धवार्षिक परीक्षा के प्रगति पत्रक अभिभावकों को दिए जाएंगे। साथ ही विद्यालय स्तर पर विभिन्न गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रवि शास्त्री के पत्र का हवाला देते हुए बताया गया कि जिस विद्यालय में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन नहीं किया जाएगा, वहां संबंधित जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और एक दिन का वेतन काटने के साथ कठोर कार्रवाई की जा सकती है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि मधेपुरा जिला शिक्षा के क्षेत्र में निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनवरी से जिले ने राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया है और आगे भी इस स्थिति को बनाए रखने के लिए सभी स्तरों पर प्रयास जारी रहेगा। प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग की टेक्निकल टीम अभिभावकों से संपर्क कर अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने में जुटी है।

– पंचायतवार सौंपी गई जिम्मेदारी
सम्बंधित ख़बरें
प्रखंड टेक्निकल टीम के सदस्यों को अलग-अलग पंचायतों की जिम्मेदारी दी गई है। वंदना कुमारी को संपूर्ण नगर परिषद क्षेत्र, शैलेश कुमार चौरसिया को शाहजादपुर, खाड़ा, पिपरा, करौती, बराही और आनंदपुरा, जबकि सुनील कुमार चौरसिया को गोपालपुर, मधुवन, मंजर आलम को जोतेली, मंजौरा, बीरीरणपाल, लश्करी, बुधमा और नयानगर पंचायत की जिम्मेदारी दी गई है।
टेक्निकल टीम के सदस्य शैलेश कुमार चौरसिया ने कहा कि शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी के माध्यम से बच्चों की विद्यालय में उपस्थिति बढ़ाने में सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। उन्होंने इसे विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
वंदना कुमारी ने बताया कि संगोष्ठी में अर्धवार्षिक परीक्षा का प्रगति पत्रक वितरित किया जाएगा। बच्चों के बीच पेंटिंग प्रतियोगिता तथा उच्च विद्यालयों में भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।
माध्यमिक शिक्षक संघ की अनुमंडल पार्षद अमृता कुमारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में विद्यालय पहुंचकर संगोष्ठी में भाग लें और बच्चों की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी शिक्षकों से प्राप्त करें।
वहीं मंजर आलम ने बताया कि प्रखंड टेक्निकल टीम के साथ सभी प्रधानाध्यापक और शिक्षक संगोष्ठी की तैयारी पूरी कर चुके हैं। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सागर कुमार चौधरी ने सभी जनप्रतिनिधियों से भी कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।