Madhepura:सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक अधिकारों की वैचारिक अभियान को विश्वविद्यालयी विमर्श से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल करते हुए भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा के शिक्षाशास्त्र विभाग (एमएड) के सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रिंस फिरोज अहमद उर्फ फिरोज मंसूरी ने भूपेंद्र नारायण मंडल जी के नाम से प्रस्तावित शोध कार्य/चेयर की स्थापना हेतु अपना एक माह का वेतन विश्वविद्यालय को स्वेच्छा से समर्पित करने की घोषणा की है।
डॉ. प्रिंस फिरोज अहमद ने कहा कि भूपेंद्र नारायण मंडल केवल एक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि वंचित-शोषित, पसमान्दा और अरज़ाल समाज की सदियों पुरानी पीड़ा को सत्ता और नीति के केंद्र तक पहुँचाने वाली वैचारिक चेतना का नाम हैं। उनके विचार आज भी सामाजिक गैर-बराबरी, जातिगत वर्चस्व और संस्थागत भेदभाव के विरुद्ध सबसे सशक्त और प्रखर प्रतिरोध के रूप में मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे समय में, जब सामाजिक न्याय की अवधारणा को योजनाबद्ध ढंग से कमजोर किया जा रहा है, विश्वविद्यालय में भूपेंद्र नारायण मंडल जी के नाम से शोध/चेयर की स्थापना केवल एक अकादमिक निर्णय नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक चेतना और सामाजिक समानता की रक्षा का वैचारिक संकल्प है। यह निर्णय भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. विमलेंदु शेखर झा जी का दूरदर्शी, क्रांतिकारी और ऐतिहासिक कदम है। यह पहल हाशिये पर खड़े समाज के इतिहास, राजनीति, शिक्षा और सामाजिक संरचना पर केंद्रित शोध को संस्थागत मजबूती प्रदान करेगी।
डॉ. प्रिंस फिरोज अहमद ने स्पष्ट किया कि उनका यह योगदान किसी औपचारिकता या प्रतीकात्मकता का हिस्सा नहीं है, बल्कि जननायक कर्पूरी ठाकुर मंडलवादी-लोहियावादी विचारधारा के प्रति उनकी वैचारिक प्रतिबद्धता तथा विश्वविद्यालय को सामाजिक परिवर्तन और वैचारिक संघर्ष का सशक्त मंच बनाने की संकल्पबद्ध घोषणा है।
उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से आग्रह किया कि शीघ्र आवश्यक प्रक्रियाएँ पूर्ण कर अधिकृत बैंक विवरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि राशि विश्वविद्यालयीय नियमों के अनुरूप तत्काल जमा की जा सके। साथ ही उन्होंने शिक्षकों, शोधार्थियों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक न्याय में विश्वास रखने वाले प्रत्येक नागरिक से इस ऐतिहासिक पहल को सामूहिक जन-आंदोलन का रूप देने की अपील की।
सम्बंधित ख़बरें
— प्रेस को जारी
डॉ. प्रिंस फिरोज अहमद उर्फ फिरोज मंसूरी,सहायक प्राध्यापक, शिक्षाशास्त्र विभाग (M.Ed.)भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा
