Madhepura : जिला समाहरणालय के न्यू एनआईसी हॉल में मंगलवार को जिलाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में आईसीडीएस एवं मिशन शक्ति योजना की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
बैठक में जिलाधिकारी ने आईसीडीएस के तहत संचालित सभी छह सेवाओं के अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण, केंद्रों के निरीक्षण तथा पेयजल, शौचालय और बिजली की उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा की।
डीएम ने सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर पेयजल, शौचालय और बिजली की सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने पीएम जनमन योजना के तहत दान में मिली भूमि का निबंधन यथाशीघ्र राज्यपाल के नाम से कराने को कहा। विवादित भूमि के स्थान पर नई भूमि उपलब्ध कराकर आंगनबाड़ी केंद्र भवन का निर्माण कराने तथा अंचलाधिकारी से प्राप्त एनओसी वाली भूमि का सीडीपीओ और कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा द्वारा संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण करने का निर्देश भी दिया गया।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा के दौरान लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा गया। पोषण माह के दौरान निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप गतिविधियां आयोजित कर उन्हें जन आंदोलन डैशबोर्ड पर अपलोड करने, लक्ष्य के अनुसार आभा आईडी बनाने और अति कुपोषित बच्चों को एनआरसी भेजने का निर्देश दिया गया।
सम्बंधित ख़बरें
डीएम ने पोषण ट्रैकर पर पंजीकृत लाभुकों का शत-प्रतिशत एफआरएस कराने तथा एफआरएस के माध्यम से टीएचआर वितरण सुनिश्चित करने को भी कहा।
वहीं, महिला एवं बाल विकास निगम के तहत संचालित मिशन शक्ति योजना की समीक्षा करते हुए पुलिस लाइन, मधेपुरा में पालनाघर के संचालन को लेकर आवश्यक अग्रतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त अरुण कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सिविल सर्जन, सभी सीडीपीओ, अंचलाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी, कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
