Madhepura:जिला मुख्यालय स्थित बीएन मंडल स्टेडियम के मुख्य भवन में आयोजित 12 दिवसीय नाट्य कार्यशाला का समापन बुधवार को हो जाएगा। कार्यशाला के समापन के बाद गुरुवार को वसंत पंचमी महोत्सव के अवसर पर प्रशिक्षुओं द्वारा तैयार किए गए नाटकों का भव्य मंचन किया जाएगा। यह नाट्य प्रस्तुति जिला मुख्यालय स्थित कला भवन में शाम पांच बजे से होगी।

नाट्य मंचन के दौरान दर्शक 12 दिनों की कड़ी मेहनत से तराशे गए कलाकारों के अभिनय, संवाद अदायगी और मंचीय कौशल का सजीव प्रदर्शन देख सकेंगे। कार्यक्रम में दो नाटकों का मंचन किया जाएगा, जिसमें लगभग 80 प्रतिभागी कलाकार मंच पर अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही संगीत की विशेष प्रस्तुतियां भी होंगी, जो दर्शकों को सांस्कृतिक आनंद से भर देंगी।
उल्लेखनीय है कि कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार (पटना) एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में 10 जनवरी से इस नाट्य कार्यशाला का आयोजन किया गया था। कार्यशाला में जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों सहित अन्य संस्थानों के छात्र-छात्राओं और युवाओं ने भाग लिया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अभिनय की बारीकियों से परिचित कराना और उनकी छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा।
कार्यशाला में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी), सिक्किम के पूर्व छात्र एवं ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा से नाट्यशास्त्र में स्नातकोत्तर कुमार सुमित ने प्रतिभागियों को अभिनय तकनीक, संवाद अदायगी, शारीरिक अभिव्यक्ति और मंच अनुशासन की विधिवत जानकारी दी। वहीं सहयोगी प्रशिक्षक के रूप में सुनीत साना, अमित कुमार अंशु, मिथुन कुमार गुप्ता एवं अमित आनंद ने प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सम्बंधित ख़बरें





गायन प्रशिक्षण डॉ. सुरेश कुमार शशि एवं कुमार लाल दास द्वारा दिया गया। मंगलवार को प्रशिक्षण सत्र के दौरान जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी ने बताया कि इस कार्यशाला से छात्र-छात्राओं और युवाओं के आत्मविश्वास एवं अभिनय कौशल में उल्लेखनीय निखार आया है। अब वे अपनी प्रतिभा को मंच पर प्रस्तुत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
मौके पर संचालन समिति की सदस्य शिक्षिका रंजना कुमारी, विभागीय कर्मी अवधेश कुमार, रागिनी कुमारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







