Madhepura:गम्हरिया: संत निरंकारी मिशन के गुरु बाबा हरदेव सिंह महाराज की पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को निरंकारी मिशन के अनुयायियों द्वारा गमहरिया थाना परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर मिशन के सदस्यों ने परिसर की साफ-सफाई करते हुए समाज को स्वच्छता, जल संरक्षण और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सतगुरु के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात मिशन के भाई-बहनों ने थाना परिसर में झाड़ू लगाकर, कचरा एकत्रित कर तथा आसपास के क्षेत्र की सफाई कर स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज की नींव है और यह अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली जागरूकता का हिस्सा है।
इस मौके पर निरंकारी मिशन मधेपुरा के मुखी विनोद जी, तिलोतमा श्रीवास्तव, विभाष, प्रकाश, सीता देवी, राम किशुन, गुड्डू, सुमित, हरि शंकर सहित बड़ी संख्या में मिशन के अनुयायी उपस्थित रहे। गमहरिया थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बताया कि संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में प्रत्येक वर्ष देशभर में स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों के भीतर सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को जागृत करना है।
सम्बंधित ख़बरें





इसी क्रम में 22 फरवरी 2026 को गमहरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित पोखर की भी साफ-सफाई की जाएगी। मिशन के सदस्यों ने आम लोगों से अपील की कि वे भी इस अभियान से जुड़कर अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सहयोग करें तथा जल संरक्षण के महत्व को समझें।
मिशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि बाबा हरदेव सिंह महाराज की शिक्षाओं का मूल संदेश मानव मात्र से प्रेम, समानता और सेवा है। समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और छोटे-छोटे प्रयासों से बड़ा बदलाव संभव है।






