Madhepura:जिले के घैलाढ़ प्रखंड अंतर्गत भान-टेकठी पंचायत का नाम बदलकर “चंद्रभान” करने की मांग उठी है। इस संबंध में पंचायत के निवासी अश्विनी कुमार ने जिलाधिकारी को आवेदन देकर पंचायत का नाम परिवर्तन करने की मांग की है।
अपने आवेदन में उन्होंने बताया कि भान-टेकठी पंचायत की आबादी लगभग 10 हजार के आसपास है। यह पंचायत जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर पश्चिम दिशा में स्थित है तथा सहरसा–मधेपुरा एनएच-107 के मिठाई बाजार का आधा हिस्सा भी इसी पंचायत के अंतर्गत आता है।
उन्होंने यह भी बताया कि पंचायत से दौरम मधेपुरा रेलवे स्टेशन करीब 6 किलोमीटर पूर्व में स्थित है। पंचायत के लगभग 80 प्रतिशत लोग शिक्षित हैं और क्षेत्र लगातार विकास की ओर अग्रसर है।
अश्विनी कुमार ने कहा कि वर्तमान नाम “भान-टेकठी” को लेकर स्थानीय लोगों के मन में एक प्रकार की असहजता महसूस होती है। इसलिए पंचायत की पहचान और सम्मान को ध्यान में रखते हुए इसका नाम बदलकर “चंद्रभान पंचायत” करने की मांग की गई है।
सम्बंधित ख़बरें





उन्होंने जिलाधिकारी से इस मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।





