Marquee Tag
Mdp Live News में आप सभी का स्वागत है , विज्ञापन सम्बंधित किसी भी जानकारी के लिए संपर्क करें - 9801981436..

---Advertisement---

ginni

Madhepura: 30 अक्टूबर से सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का विशेष अभियान, 300 यूनिट खपत वाले उपभोक्ताओं पर रहेगा फोकस

– 5 नवंबर तक वार्डवार चलेगा अभियान, घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप लगाने के लिए किया जाएगा जागरूक

Madhepura:प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत मधेपुरा नगर परिषद क्षेत्र में अधिक बिजली खपत करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। विद्युत विभाग की ओर से यह अभियान 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक संचालित होगा। इसके तहत 300 यूनिट या इससे अधिक बिजली खपत करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी देने, आवेदन कराने और घरों की छत पर सोलर पैनल लगवाने की प्रक्रिया में सहायता दी जाएगी।

विद्युत कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए विभाग ने वार्डवार कार्ययोजना तैयार की है। इसमें विभागीय अधिकारियों, कर्मियों और अधिकृत वेंडरों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने संबंधित उपभोक्ताओं से अभियान के दौरान विभागीय कर्मियों से संपर्क कर योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन करने की अपील की।

*एईई और जेईई के नेतृत्व में चलेगा अभियान

अभियान का संचालन सहायक विद्युत अभियंता दीपक कुमार दास और कनीय विद्युत अभियंता सुशील कुमार के नेतृत्व में किया जाएगा। विभागीय लाइनमैन, जूनियर लाइनमैन, मानव बल, सुपरवाइजर और मीटर रीडर अधिकृत वेंडरों के साथ मिलकर उपभोक्ताओं के घरों तक पहुंचेंगे। इस दौरान योजना की जानकारी देने के साथ आवेदन कराने और सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया में सहयोग किया जाएगा।

*घर-घर बांटे जाएंगे पर्चे, चौक-चौराहों पर लगेंगे बैनर

कार्ययोजना के अनुसार संबंधित वेंडर और विभागीय कर्मी अपने निर्धारित वार्डों में घर-घर जाकर 500-500 पर्चे वितरित करेंगे। नगर परिषद क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों पर फ्लैक्स बैनर भी लगाए जाएंगे। विभागीय कर्मी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के मोबाइल ऐप के माध्यम से उपभोक्ताओं को आवेदन कराने में मदद करेंगे। आवेदन के दौरान उपभोक्ता की पसंद के वेंडर का चयन भी कराया जाएगा, ताकि आगे की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।

*आवेदन के अगले दिन होगी छत की जांच

योजना के तहत आवेदन करने के अगले दिन चयनित वेंडर उपभोक्ता के घर पहुंचकर छत पर सोलर पैनल लगाने की उपयुक्तता की जांच करेंगे। इसके बाद योजना के पोर्टल पर संबंधित एकरारनामा अपलोड किया जाएगा। बैंक से ऋण लेकर सोलर पैनल लगवाने के इच्छुक उपभोक्ताओं को भी विभागीय कर्मियों और वेंडरों की ओर से आवश्यक कागजात जुटाने तथा ऋण आवेदन में सहयोग किया जाएगा।

बैंक से ऋण की राशि जारी होने या उपभोक्ता की ओर से अपना अंशदान जमा किए जाने के एक सप्ताह के भीतर संबंधित वेंडर को सोलर रूफटॉप का भौतिक अधिष्ठापन पूरा करना अनिवार्य होगा।

*प्रतिदिन होगी कार्यों की समीक्षा

अभियान के दौरान सहायक विद्युत अभियंता और कनीय विद्युत अभियंता प्रतिदिन वेंडरवार कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसमें प्राप्त आवेदनों की संख्या, पोर्टल पर एकरारनामा अपलोड करने की स्थिति, बैंक ऋण के लिए किए गए आवेदन और सोलर पैनल लगाने की प्रगति की जानकारी ली जाएगी। विभाग का उद्देश्य अधिक बिजली खपत करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें योजना का लाभ दिलाना है।

*प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे शिविर

उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बैंक रोड, सुभाष चौक, नगर परिषद परिसर, वी-2 के पास, विश्वविद्यालय चौक, रेलवे स्टेशन परिसर, कर्पूरी चौक, जीवन सदन परिसर, ब्लॉक परिसर, डीआरसी कार्यालय, जपालपट्टी चौक, कॉलेज चौक और पुराने बस स्टैंड सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में योजना की जानकारी देने के साथ आवेदन प्रक्रिया में सहायता की जाएगी।

अभियान के लिए रूजा एनर्जी सिस्टम्स, एमके कंसल्टेंसी, पिनसिस्ट प्राइवेट लिमिटेड, अमर ज्योति मोटर्स और मेसर्स अनुपम कुमार सहित निर्धारित वेंडरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

---Advertisement---

WhatsApp Image 2024-12-07 at 4.51.09 PM

LATEST Post