– घरेलू उपभोक्ताओं को छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए किया जा रहा जागरूक, शहर के 11 प्रमुख स्थानों पर लगाए गए कैंप
Madhepura: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को मधेपुरा नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में बिजली विभाग की ओर से जागरूकता कैंप आयोजित किए गए। जिलाधिकारी अभिषेक रंजन के निर्देश पर शुरू किया गया यह अभियान पांच नवंबर तक चलेगा। इसके तहत घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

कैंप में उपभोक्ताओं को योजना के लाभ, ऑनलाइन पंजीकरण, सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया एवं इससे संबंधित आवश्यक जानकारियां दी गईं। मौके पर विद्युत कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार, सहायक विद्युत अभियंता दीपक कुमार दास एवं कनीय विद्युत अभियंता सुशील कुमार ने विभिन्न कैंपों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उपस्थित अधिकृत वेंडरों एवं बिजली विभाग के कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा उपभोक्ताओं से योजना का लाभ उठाने की अपील की।
विद्युत कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र के चिह्नित बिजली उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने के लिए अलग-अलग वार्डों में कैंप लगाए जा रहे हैं। इन कैंपों में विभागीय कर्मियों के साथ अधिकृत वेंडरों की भी तैनाती की गई है, ताकि उपभोक्ताओं को पंजीकरण से लेकर सोलर पैनल लगवाने तक आवश्यक सहयोग मिल सके।
सम्बंधित ख़बरें





उन्होंने बताया कि बैंक रोड, सुभाष चौक, नगर परिषद परिसर, विश्वविद्यालय चौक, रेलवे स्टेशन परिसर, कर्पूरी चौक, ब्लॉक कैंपस, डीआरसी कार्यालय, जयपालपट्टी चौक, कॉलेज चौक एवं पुराना बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर कैंप आयोजित किए गए हैं।
अरविंद कुमार ने बिजली उपभोक्ताओं से अपील की कि वे कैंप में पहुंचकर योजना की विस्तृत जानकारी लें और अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगवाने के लिए आगे आएं। इससे बिजली खर्च में बचत के साथ स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि शनिवार को जीवन सदन में विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के बुद्धिजीवियों एवं व्यवसायियों के साथ सोलर ऊर्जा को लेकर एक बैठक भी आयोजित की जाएगी।







