Marquee Tag
Mdp Live News में आप सभी का स्वागत है , विज्ञापन सम्बंधित किसी भी जानकारी के लिए संपर्क करें - 9801981436..

---Advertisement---

ginni

Supoul: स्वतंत्रता सेनानी लहटन चौधरी के सम्मान में सुपौल रेलवे स्टेशन का नामांकरण करने की मांग, सौरभ चौधरी के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन…

Supoul: 29 अक्टूबर 2026। स्वतंत्रता सेनानी एवं कोशी क्षेत्र के गांधी के नाम से प्रसिद्ध स्वर्गीय लहटन चौधरी जी के सम्मान में सुपौल रेलवे स्टेशन का नामांकरण उनके नाम पर करने की मांग को लेकर आज सौरभ चौधरी के नेतृत्व में एक विशाल प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन के माध्यम से केंद्र सरकार एवं रेल मंत्रालय से मांग की गई कि स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले लहटन चौधरी जी के सम्मान में सुपौल रेलवे स्टेशन का नाम उनके नाम पर रखा जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष, त्याग और ऐतिहासिक योगदान से प्रेरणा ले सकें।

 

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि लहटन चौधरी जी का जीवन समाज, राष्ट्र और कोशी क्षेत्र के लिए समर्पण का प्रतीक रहा है। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानी के योगदान को सम्मान देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सुपौल रेलवे स्टेशन का नामकरण उनके नाम पर किया जाना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

सौरभ चौधरी ने कहा, “स्वतंत्रता सेनानी लहटन चौधरी जी कोशी क्षेत्र की गौरवशाली विरासत और स्वतंत्रता संग्राम के प्रेरणास्रोत रहे हैं। उनके सम्मान में सुपौल रेलवे स्टेशन का नामकरण उनके नाम पर किया जाना चाहिए। यह केवल नाम बदलने की मांग नहीं, बल्कि अपने इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों और क्षेत्र की पहचान को सम्मान देने की मांग है। हम केंद्र सरकार एवं रेल मंत्रालय से आग्रह करते हैं कि इस मांग पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए आवश्यक पहल की जाए।”

कांग्रेस नेता रितु रंजन कुमार ने कहा, “लहटन चौधरी जी का योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। जिन स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित किया, उनके सम्मान और स्मृति को संरक्षित रखना हमारा कर्तव्य है। सुपौल रेलवे स्टेशन का नामकरण लहटन चौधरी जी के नाम पर होना चाहिए, ताकि कोशी की धरती के इस महान सपूत का नाम देशभर में सम्मान के साथ याद किया जाए। हम इस मांग को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से सरकार के समक्ष उठाते रहेंगे।”

प्रदर्शन के माध्यम से सरकार से मांग की गई कि इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए नामकरण की प्रक्रिया शुरू की जाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह पहल स्वतंत्रता सेनानी लहटन चौधरी जी के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ कोशी क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत को नई पहचान देने का कार्य करेगी।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

---Advertisement---

WhatsApp Image 2024-12-07 at 4.51.09 PM

LATEST Post