Madhepura : जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर अधिष्ठापन कार्य में तेजी लाने को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में न्यू एनआईसी हॉल, मधेपुरा में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी विद्युत अभियंताओं, बैंक शाखा प्रबंधकों एवं सोलर वेंडरों और एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान सोलर अधिष्ठापन के लिए प्राप्त ऋण आवेदनों तथा स्वीकृत एवं वितरित ऋण की समीक्षा की गई। समीक्षा में आवेदनों की संख्या और ऋण वितरण के आंकड़ों में काफी अंतर पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को लंबित आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया। साथ ही, आवेदकों को अनावश्यक परेशानियों से बचाने पर विशेष जोर दिया।



सम्बंधित ख़बरें





जिलाधिकारी ने सभी विद्युत अभियंताओं को निर्देशित किया कि अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को चिह्नित कर उनसे व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करें तथा सोलर पैनल अधिष्ठापन के लिए आवेदन कराने की दिशा में आवश्यक पहल करें।
उन्होंने सभी सहायक विद्युत अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्र में सोलर अधिष्ठापन कार्य की निरंतर निगरानी करने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्य को समय सीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में विद्युत कार्यपालक अभियंता उदाकिशुनगंज राजीव रंजन, विद्युत कार्यपालक अभियंता मधेपुरा अरविंद कुमार, सहायक विद्युत अभियंता दीपक दास, तारा आनंद यादव, विजय कुमार, कनीय विद्युत अभियंता सुशील कुमार, अमरनाथ गुप्ता सहित संबंधित पदाधिकारी एवं विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।







