_अल्पसंख्यक बालक छात्रावास, मधेपुरा में त्रैमासिक स्वास्थ्य जाँच शिविर आयोजित
_छात्रावास अधीक्षक प्रो. डॉ. प्रिंस फिरोज अहमद ने किया उद्घाटन, छात्रों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
Madhepura:अल्पसंख्यक बालक छात्रावास, मधेपुरा में आवासित छात्रों के बेहतर स्वास्थ्य, स्वच्छ जीवनशैली एवं समग्र व्यक्तित्व विकास को ध्यान में रखते हुए त्रैमासिक स्वास्थ्य जाँच शिविर का सफल आयोजन किया गया। बिहार सरकार, जिला प्रशासन मधेपुरा एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के निर्देशानुसार आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन छात्रावास अधीक्षक प्रो. डॉ. प्रिंस फिरोज अहमद द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रावास अधीक्षक प्रो. डॉ. प्रिंस फिरोज अहमद ने उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों का छात्रों से परिचय कराया तथा छात्रावास की साफ-सफाई, संतुलित एवं पौष्टिक खानपान, नियमित दिनचर्या एवं स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष रूप से चर्चा की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि —
“विद्यार्थियों का शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य ही उनके उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। स्वस्थ छात्र ही समाज और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक एवं प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।”
उन्होंने छात्रों से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की।

स्वास्थ्य शिविर में सदर अस्पताल, मधेपुरा से प्रतिनियुक्त चिकित्सा दल द्वारा छात्रावास में आवासित सभी छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने छात्रों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली तथा आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।
स्वास्थ्य जाँच दल में निम्नलिखित चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे —
सम्बंधित ख़बरें





_डॉ. कपिल देव अनुपम, चिकित्सा पदाधिकारी, सदर अस्पताल, मधेपुरा
_श्री गौतम कुमार, जी०एन०एम०, सदर अस्पताल, मधेपुरा
_श्री मनोज कुमार
_श्री मुकेश कुमार
शिविर के दौरान छात्रों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप जाँच, मौसमी बीमारियों की पहचान एवं आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया। आवश्यकता अनुसार छात्रों को आगे उपचार हेतु भी परामर्श दिया गया।
छात्रों की ओर से छात्रावास अधीक्षक ने बिहार सरकार, जिला पदाधिकारी, मधेपुरा एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा छात्रावास में स्वास्थ्य सुविधाओं की विशेष व्यवस्था किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आभार प्रकट किया तथा इस पहल को अत्यंत सराहनीय बताया।
छात्रावास प्रशासन ने जानकारी दी कि भविष्य में भी छात्रों के स्वास्थ्य, शिक्षा, अनुशासन एवं समग्र व्यक्तित्व विकास हेतु इस प्रकार के कल्याणकारी एवं जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।






