Marquee Tag
Mdp Live News में आप सभी का स्वागत है , विज्ञापन सम्बंधित किसी भी जानकारी के लिए संपर्क करें - 9801981436..

---Advertisement---

ginni

Madhepura: शिक्षा से वंचित बच्चों के जीवन में उम्मीद की रोशनी जगा रहीं शिक्षिका वंदना कुमारी, जनप्रतिनिधियों ने की सराहना।

– 7 मार्च 2006 से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रयासरत, प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग में लगातार दो वर्षों से राज्य में प्रथम स्थान दिलाने में निभाई अहम भूमिका

Madhepura। शिक्षा से वंचित बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़कर उनके जीवन में ज्ञान की रोशनी फैलाने का संकल्प लेकर शिक्षिका वंदना कुमारी लगातार प्रयासरत हैं। उनके समर्पण, मेहनत और नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धति का सकारात्मक परिणाम अब उदाकिशुनगंज प्रखंड में देखने को मिल रहा है। कभी शिक्षा से दूर रहने वाले बच्चे आज पढ़ाई से जुड़कर अपने भविष्य को संवारने के साथ क्षेत्र का नाम भी रोशन कर रहे हैं।

 

बताया जाता है कि वंदना कुमारी 7 मार्च 2006 से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर अपनी सेवाएं दे रही हैं। उनका विशेष प्रयास समाज के उन बच्चों को शिक्षा से जोड़ना है, जो विभिन्न सामाजिक एवं आर्थिक कारणों से पढ़ाई से दूर रह गए हैं। उनके प्रयासों से न केवल बच्चों की शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ी है, बल्कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को भी नई दिशा मिली है।

शिक्षा के क्षेत्र में उनके कार्यों की एक बड़ी उपलब्धि प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग में उदाकिशुनगंज प्रखंड का लगातार दो वर्षों से राज्य में प्रथम स्थान हासिल करना है। इसके अलावा उन्होंने इंस्पायर अवार्ड, स्वच्छ एवं हरित क्रांति, शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी, बालिका शिक्षा, सुरक्षित शनिवार, आपदा प्रबंधन सहित सरकार की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

विधानसभा और विधान परिषद के सदस्यों ने की सराहना

वंदना कुमारी के कार्यों की सराहना करते हुए बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव ने उन्हें वर्तमान समय की सावित्रीबाई फुले की संज्ञा देते हुए उनके प्रयासों को प्रेरणादायक बताया। वहीं बिहार विधानसभा के सदस्य निरंजन कुमार मेहता ने कहा कि वंदना कुमारी से अन्य शिक्षकों को भी प्रेरणा लेनी चाहिए।

बिहार विधान परिषद के सदस्य संजीव कुमार सिंह एवं नरेंद्र कुमार यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी उनके कार्यों की सराहना की। वहीं अजय कुमार सिंह ने उनके प्रयासों को वर्तमान समय में मदर टेरेसा की भूमिका के समान बताया।

इसके अलावा बिहार सरकार के मंत्री लेशी सिंह, शीला मंडल, दिलीप जायसवाल एवं रत्नेश सदा ने भी वंदना कुमारी के कार्यों पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी।

जिला शिक्षा पदाधिकारी के नेतृत्व को दिया सफलता का श्रेय

अपनी उपलब्धियों और कार्यों को लेकर वंदना कुमारी ने कहा कि मधेपुरा जिले में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर परिणाम जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन का नतीजा है। उन्होंने कहा कि जिला शिक्षा पदाधिकारी के प्रेरणादायक व्यक्तित्व और सकारात्मक सोच से जिले के शिक्षक-शिक्षिकाएं दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।

उन्होंने इस सफलता का श्रेय जिला टेक्निकल टीम के संजय क्रांति, प्रेमलता तथा जिला एवं प्रखंड स्तर की पूरी तकनीकी टीम के सहयोग और मार्गदर्शन को भी दिया। वंदना कुमारी ने कहा कि जिले के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का भरपूर सहयोग मिल रहा है। अभिभावकों की सहभागिता भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि मधेपुरा जिले की शिक्षा व्यवस्था को राज्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी एक नई पहचान मिले। शिक्षा से वंचित बच्चों को विद्यालय से जोड़ना, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से बच्चों का भविष्य संवारना उनकी प्राथमिकता है।

वंदना कुमारी का यह प्रयास बताता है कि एक समर्पित शिक्षक की पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ हजारों बच्चों के भविष्य को नई दिशा देने की क्षमता रखती है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

---Advertisement---

WhatsApp Image 2024-12-07 at 4.51.09 PM

LATEST Post